शिमला, 03 अक्टूबर : केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के सिरमौर गिरिपार के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा दिया हैं। केंद्रीय हाटी समिति ने इसके लिए प्रदेश व केंद्र की मोदी सरकार का आभार जताया है। अब सरकार के समर्थन में सिरमौर के चार सौ गांवों में जाकर विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
केंद्रीय हाटी समिति के मुख्य प्रवक्ता रमेश सिंगटा ने बताया कि हाटी 14 जातियों और उपजातियों का संयुक्त समूह है। इसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का योगदान हमेशा याद रखेंगे। अब हाटी हिमाचल के सिरमौर जिले के गिरीपार क्षेत्र में एक और बड़ा अभियान छेड़ा जाएगा।
गैर राजनीतिक संगठन केंद्रीय हाटी समिति की शिमला इकाई इस दिशा में बड़ी पहल करेगी। समिति 154 पंचायतों के 400 गांव में हर घर दस्तक देगी। केंद्र की मोदी सरकार की सौगात का स्वागत करेगी। अभियान की पहुंच 3 लाख लोगों तक रहेगी।
वहीं, केंद्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डॉ अमि चंद कमल ने बताया कि कई दशकों के बाद उनकी मांग पूरी हुई हैं। उनका किसी भी पार्टी से कोई संबंध नहीं हैं। जो भी सरकार उनकी मांग पूरी करती, उन्हें स्वाभाविक रूप से उसी के समर्थन में जाना था। बीजेपी सरकार ने उनकी लंबित मांग को पूरा किया है, जिसके समर्थन में हाटी समिति गिरिपार में लोगों के बीच जाकर विशेष अभियान चलाएगी।
सरकार और केंद्र सरकार ने पूरा सहयोग किया है। अब बारी हाटी समुदाय की है। हाटी समुदाय भी सरकार के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ा है। लोग राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर सरकार को सहयोग करने को तैयार है।