बिलासपुर, 2 अक्तूबर : हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के पहले जिला कार्यालय का लोकार्पण रविवार को किया गया। हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाके ऊना में हाल ही में निर्मित किए गए इस कार्यालय का लोकार्पण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं चुनाव प्रभारी सौदान सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, भाजपा के चुनाव सह प्रभारी देवेंद्र राणा का भव्य स्वागत किया गया। कार्यालय भवन का लोकार्पण करने के बहाने भाजपा नेताओं ने कांग्रेस को जमकर निशाने पर लिया। वहीं हिमाचल प्रदेश में केंद्र सरकार द्वारा दी गई सौगात का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।
रविवार को ऊना जिला मुख्यालय के पुराना होशियारपुर रोड स्थित हाल ही में निर्मित भाजपा कार्यालय का लोकार्पण किया गया। हिमाचल प्रदेश में भाजपा के राज्य स्तरीय कार्यालय दीपक कमल के बाद यह पहला जिला स्तर का कार्यालय है। इस कार्यालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, ताकि चुनावी समय में कार्यकर्ताओं को और पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठ और मोर्चा के पदाधिकारियों को मदद मिल सके।
भाजपा के जिला कार्यालय का लोकार्पण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप समेत शीर्ष नेतृत्व भी मौजूद रहा। भाजपा कार्यालय के उद्घाटन से पहले भाजपा के दिग्गजों ने कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया वहीं सातवें नवरात्र के चलते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भाजपा कार्यालय में कंजक पूजन भी किया।
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पदाधिकारियों की अलग से बैठक लेते हुए उन्हें आगामी विधानसभा चुनावों के लिए टिप्स भी दिए। लोकार्पण समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय सूचना प्रसारण और युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का स्वागत करते हुए कहा कि आज राष्ट्रीय अध्यक्ष की वह परिकल्पना साकार हो रही है, जिसमें उन्होंने हर जिला मुख्यालय पर पार्टी का कार्यालय होने का सपना देखा था।
अनुराग ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा का हर जगह अपना कार्यालय होगा। जिसकी हिमाचल प्रदेश में शुरुआत आज ऊना से हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा ने कई ऐसे राज्यों में अपनी सरकार रिपीट की है जहां पर आजादी के बाद से लेकर आज तक कभी भी एक पार्टी की सरकार रिपीट नहीं हो पाई।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश में पहले से भी ज्यादा सीटें जीतकर प्रदेश की भाजपा सरकार को रिपीट करें। उन्होंने कहा कि यह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का गृह प्रदेश है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे अपना दूसरा घर भी मानते हैं यही कारण है कि हिमाचल प्रदेश की उन्नति में केंद्र सरकार ने हर संभव सहायता उपलब्ध कराई है।
भाजपा के जिला कार्यालय भवन के लोकार्पण समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पार्टी के अतीत को याद किया जब लोकसभा या विधानसभा के चुनाव में जमानत बच जाने पर भी प्रत्याशियों द्वारा लड्डू बांटे जाते थे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी नेतृत्व के कुशल दिशा निर्देश में आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
उन्होंने आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार को रिपीट करने में अपना 100 फीसदी योगदान दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि रिवाज बदलने की बात केवल मात्र हिमाचल प्रदेश में नहीं की जा रही पूरे देश में रिवाज बदला है, जिन प्रदेशों में कभी सरकारी रिपीट नहीं हुई थी, वहां पर भी भाजपा ने दो से तीन बार सरकारों को रिपीट करते हुए इतिहास को बदल कर रख दिया है।
वहीं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि वर्ष 2014 में लोकसभा चुनाव में जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह सपना देखा था कि हर प्रदेश और जिला मुख्यालय पर पार्टी का कार्यालय होना चाहिए। इस काम को अमित शाह ने अपने कंधों पर लिया और लगभग जो कार्यालय पहले बने थे उनको छोड़कर करीब 512 नए कार्यालय को बनाने की रूपरेखा तैयार की गई। आज 512 कार्यालय में से 235 कार्यालय बंद कर तैयार हो चुके हैं, जबकि 155 का काम चल रहा है। यह कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से लैस किए जायेंगे। वहीं भाजपा की विचारधारा को बढ़ाने और उसका प्रचार करने का काम भी करेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने में भी पार्टी की चार पीढ़ियां खप चुकी हैं। इस विचारधारा से जुड़े लाखों कार्यकर्ताओं के बलिदान के बाद आज भाजपा यह दिन देख रही है।
इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि आज की तारीख में कांग्रेस भी एक राष्ट्रीय दल नहीं रहा है। केवल मात्र भाजपा है जो जम्मू कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक चुनाव लड़ रही है, जबकि देश के अधिकांश राज्यों में हमारी सरकार है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस वर्तमान में केवल मात्र भाई और बहन की पार्टी बन कर रह चुकी है और बाकी सब ताली बजाओ और खाली बजाओ बन कर रह चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भाजपा को प्रचंड जीत दिलाकर हिमाचल प्रदेश में सरकार को रिपीट करें।