नई दिल्ली/शिमला, 28 सितंबर: आखिरकार, वही हुआ जिसकी आशंका थी। भाजपा ने हिमाचल कांग्रेस में तोड़फोड़ की प्रक्रिया तेज कर दी है। ताजा घटनाक्रम में प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेता व कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन ने बुधवार को केंद्रीय रेलवे मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
भाजपा ने प्रदेश में कांग्रेस को यह दूसरा झटका दिया है। इससे पहले कार्यकारी अध्यक्ष रहे विधायक पवन काजल ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया था। गौरतलब है कि हर्ष महाजन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के खासमखास माने जाने वाले हर्ष महाजन चंबा विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखते हैं। पूर्व की कांग्रेस सरकारों में महाजन कैबिनेट मंत्री से लेकर कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन रहे हैं।
इसी वर्ष मई माह में हर्ष महाजन को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हर्ष महाजन 1972 से भारतीय कांग्रेस पार्टी के सदस्य रहे हैं। उन्हें राजनीति विरासत में मिली है। उनके पिता स्व. देशराज महाजन हिमाचल विधानसभा के अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।
12 दिसंबर 1955 को चंबा में जन्में हर्ष महाजन ने नई दिल्ली के प्रसिद्ध श्री राम काॅलेज ऑफ़ काॅमर्स से बी काॅम व दिल्ली विश्वविद्यालय से एमबीए किया है। 1986 से 1995 तक महाजन राज्य युवा कांग्र्रेस के अध्यक्ष रहे। 1998 व 2003 में राज्य विधानसभा के लिए चुने गए। उनके भाजपा में शामिल होने से चंबा में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।
अब कांग्रेस के आगे अपने कुनबे को सुरक्षित रखने की चुनौती प्रबल हो गई है।