नाहन, 14 सितंबर : शहर के युवाओं की नेक सोच आगे बढ़ रही है। युवाओं के एक ब्लड बैंक नाहन के समूह ने बुधवार को चार बरस पूरे कर लिए हैं। युवाओं के इस समूह का मकसद जरूरतमंद मरीजों को आपातकालीन स्थिति में रक्त उपलब्ध करवाना है।
2018 में इस समूह की नींव ईशान राव ने रखी थी। तब से लगातार इस समूह का दायरा बढ़ता जा रहा है। समूह द्वारा इन चार सालों में 150 से 200 यूनिट ब्लड डोनेट किया जा चुका है।
पीजीआई व सैक्टर 32 चंडीगढ़ के अलावा आईजीएमसी शिमला तक समूह के सदस्यों ने रक्तदान किया है। चार बरस के मौके पर ग्रुप के संस्थापक ईशान ने ग्रुप के तमाम सदस्यों का आभार भी प्रकट किया है। उनका कहना था कि हरेक सदस्य जरूरतमंद की मदद के लिए हर समय तैयार रहता है। समूह की सबसे बड़ी चुनौती कोविड संकट भी बना था।
कोविड काल में समूह ने न केवल रक्त की कमी नहीं आने दी, बल्कि अन्य सामाजिक कार्यों में भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। ईशान ने कहा कि फेसबुक पर ब्लड बैंक नाहन का समूह 14 सितंबर 2018 को बनाया गया था। तब से सिलसिला लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि मेडिकल काॅलेज में सदस्य रक्त उपलब्ध करवाने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं।