जोगिंद्रनगर/लक्की शर्मा : उपमंडल में एक बड़ा हादसा होने से उस समय टल गया जब एक कच्चे मकान की छत अचानक ही गिर गई। हादसे के समय एक 2 साल का बच्चा इसकी चपेट में आकर घायल हो गया है। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत तलकेहड़ के मचकेहड़ गांव में स्थानीय निवासी सुनील कुमार के कच्चे मकान की छत अचानक गिर गई। कच्चे मकान में पहले ही दरारें आ चुकी है और परिवार में 6 सदस्य एक ही कमरे में अपना गुजर- बसर कर रहे है। इसी कमरे में रसोई घर भी बनाया हुआ है।
हैरानी की बात यह है कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना के बड़े बड़े दावे करते नहीं थकती कि हर गरीब को पक्का मकान दिया जा रहा है, लेकिन अभी भी हालत ऐसे बने हुए है। यहां गौर करने वाली बात यह है कि मामला हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला का है।
सुनील ने बताया कि उनके रहने के लिए सिर्फ एक ही कमरा है, जिसमें रसोईघर भी शामिल है। छत गिरने से रसोई में रखे बर्तन व सामान को भी नुकसान पहुंचा है। मकान की बाकी की छत भी गिरने की कगार में है। सुनील कुमार पेशे से टैक्सी चालक है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।