शिमला, 04 सितंबर : देश के जाने माने कवि, पर्यावरणविद एवं समाजसेवी डॉ. चमन सिंह ठाकुर को शिक्षक दिवस के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय इंटर्नशिप विश्वविद्यालय द्वारा बेस्ट ग्लोबल प्रिंसिपल अवॉर्ड 2022 से सम्मानित किया गया।
देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. चमन सिंह ठाकुर की शैक्षिक एवं प्रशासनिक उपलब्धियों को मद्देनजर रखते हुए चयन समिति द्वारा इस सम्मान से सम्मानित करने का फैसला लिया। डॉ. चमन सिंह ठाकुर को गत वर्ष डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से भी सम्मानित किया गया था।
देश के विभिन्न प्रतिष्ठित महाविद्यालयों तथा विश्वविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर, प्राचार्य, विभागाध्यक्ष तथा डायरेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। डॉ. सिंह अब तक देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के लिए सात से अधिक पुस्तकें लिख चुके हैं और कई पुस्तकें प्रकाशनाधीन हैं। उनका दूसरा बहुचर्चित काव्य संग्रह ‘संघर्ष जारी है’ प्रकाशन के अंतिम चरण में हैं।
डॉ. सिंह वर्तमान समय में सूर्या कॉलेज ऑफ एजुकेशन कठुआ, जम्मू कश्मीर में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत हैं। डॉ. चमन सिंह ठाकुर को इससे पहले भी कई राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा जा चुका है।