शिमला, 25 अगस्त : हिमाचल लोक सेवा आयोग के नव नियुक्त अध्यक्ष रामेश्वर सिंह ठाकुर और तीन सदस्य शुक्रवार को सुबह 9 बजे शपथ ग्रहण करेंगे। राजभवन में होने वाले कार्यक्रम में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर इन्हें शपथ दिलाएंगे। राजभवन ने इस कार्यक्रम के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है।
बता दें कि आईपीएस अधिकारी व आईजी इटेलीजेंस रामेश्वर सिंह ठाकुर हिमाचल प्रदेश लोकसेवा आयोग के नए अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। रामेश्वर सिंह ठाकुर 2003 बैच के आईपीएस हैं। वह शिमला के जुब्बड़हट्टी के मूल निवासी हैं। इसके साथ ही सेवानिवृत आईएएस राकेश शर्मा, सेवानिवृत कर्नल राजेश कुमार शर्मा और सेवानिवृत्त प्रो. डाक्टर नैन सिंह को आयोग का सदस्य बनाया गया है। प्रदेश सरकार ने उनकी नियुक्ति के संबंध में वीरवार को अधिसूचना जारी कर दी गई है।
बता दें कि प्रदेश सरकार ने 17 अगस्त को लोकसेवा आयोग की सदस्य डॉ. रचना गुप्ता को अध्यक्ष बनाने की अधिसूचना जारी की थी। इनके साथ तीन सदस्यों के तौर पर राकेश शर्मा, राजेश शर्मा और ओपी शर्मा का चयन किया गया था। राजभवन ने सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के आधार पर 18 अगस्त को सुबह 8ः30 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने के लिए निमंत्रण पत्र बांटे। लेकिन किन्हीं कारणों से राजभवन ने शपथ समारोह को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया था।
दरअसल नियुक्तियों को लेकर विवाद खड़ा हुआ था, तथा सरकार ने इस अधिसूचना को वापस ले लिया था। अब प्रदेश सरकार ने इन पदों पर नई अधिसूचना जारी की है।