बद्दी, 25 अगस्त: शातिर ठग रोजाना ही धोखाधड़ी के नए तरीके ईजाद कर लेते हैं, लेकिन हिमाचल पुलिस भी शातिरों से एक कदम आगे निकल कर असल जगह पहुंचाने में नहीं चूकती।
18 अप्रैल 2022 को नालागढ़ के रहने वाले जीवन कुमार को एक फोन आता है। शातिर अपना नाम दलजीत सिंह बताता है। साथ ही जीवन कुमार को ये भरोसा देता है कि वो उसका पुराना दोस्त है। मौजूदा में लंदन में रह रहा है।
चूंकि, शिकायतकर्ता का दलजीत सिंह नाम का पुराना दोस्त है, जिससे वो पिछले 4-5 सालों से नहीं मिला था। लिहाजा, जीवन सिंह शातिर के जाल में फंस गया। दलजीत सिंह बनकर फोन करने वाले ने पीड़ित को कहा कि वो उसे 5 लाख की राशि ट्रांसफर कर रहा है। इस राशि को परिवार तक पहुंचाने का आग्रह भी किया। इसके उपरांत आरोपी ने जीवन सिंह को 5 लाख रुपए की राशि ट्रांसफर होने की रसीद भेज दी।
साथ ही कहा कि उसके एजेंट के खाते में दो लाख रुपए डाल देना। पीड़ित ने 2 लाख की राशि ट्रांसफर कर दी। इसके उपरांत भी 30-30 हजार रुपए की राशि दो किस्तों में भेजी। कुछ समय बाद पीड़ित को अहसास हुआ कि फोन करने वाला व्यक्ति उसका दोस्त दलजीत सिंह नहीं है। उससे 2 लाख 60 हजार की धोखाधड़ी हुई है।
नालागढ़ पुलिस व साइबर टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद झारखंड के धनबाद के रहने वाले आरोपी अवसर अली पुत्र मोहम्मद अली को सलाखों के पीछे पहुंचाने में सफलता अर्जित की है। पुलिस ने बैंक खातों का डाटा खंगालने व सीडीआर इत्यादि के आकलन के बाद आरोपी को राजस्थान के अजमेर से गिरफ्तार किया है।
बद्दी के एसपी मोहित चावला ने पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी से यह भी पूछताछ की जाएगी कि उसने इस तरह की वारदातों को पहले भी अंजाम दिया है या नहीं। साथ ही वो अपने शिकार को कैसे टारगेट करते हैं।