कुल्लू, 25 अगस्त : मणिकर्ण घाटी के चोज नाले में बहे युवक का शव एक महीना 20 दिनों के बाद बरामद हुआ है। चोज नाला में 6 जून को बाढ़ आई थी, जिसमें चार लोग बह गए थे। तीन मकान, एक गैस्ट हाउस मलबे में बह गया था। उसके बाद से लापता चारों व्यक्तियों की तलाश चल रही थी, जिसमें से एक युवक का शव सुंदरनगर झील के पास मिला था, जबकि कांगड़ा के रोहित चौधरी का शव चोज नाला के मलबे से अब बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी कि चोज नाले में मलबे में एक व्यक्ति का हाथ दिखाई दे रहा है, जिसके चलते यहां पुलिस और प्रशासन की टीम ने खुदाई का कार्य आरंभ किया। रात तक खुदाई करने के बाद शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। परिजनों को इसकी सूचना दी गई। शव को जल्द ही परिजनों को सौंपे जाने की तैयारी की जा रही है। इस नाले में आई बाढ़ के मलबे में बहे दो अन्य लोगों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।