केलंग (एमबीएम न्यूज) : जनजातीय जिला लाहौल स्पिति की महिलाओं का घरेलू कार्य के साथ जहां कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान है, वहीं सरकारी व निजी क्षेत्रों में पुरूषों के कंधे से कंधा मिलाकर विकास में अपनी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। जिला की महिलाएं शिक्षित होकर हर क्षेत्र में कार्य करने के लिए आगे आने लगी हैंं। महिलाएं प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के माध्यम से सशक्तिकरण की ओर अग्रसर हो रही हैं।
सरकार द्वारा चलाई जा रही कौशल विकास योजना से लाभान्वित होते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम केलंग डिपू के बसों में जिला के तीन महिलाएं कंडक्टर के रूप में कार्य कर रही हैं। बसों में जिला के ही महिलाओं को कंडक्टर के रूप में कार्य देखकर स्थानीय यात्रियों को गर्व का एहसास होता है। कन्डक्टर के रूप में अपनी सेवाएं देते हुए राजकुमारी ने बताया कि हम कौशल विकास योजना के तहत केलंग डिपू में सेवाए दे रहे हैं। हमें अच्छा लग रहा है ओर यहां की महिलाओं ओर स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
इसी प्रकार हीरा देवी ने बताया कि आज के दौर में रोजगार पाना बहुत मुश्किल है कौशल विकास योजना के अंर्तगत इस व्यवसाय को चुना है, हालांकि यह जॉब महिलाओं के लिए काफी कठिन है। बावजूद उन्होंने इसे कैरियर के रूप में चुना है। वहीं यात्रियों का कहना है कि लाहौल की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे आ रही हैं, फिर चाहे वह प्रशासनिक सेवाएं हो या अन्य क्षेत्र, किसी में भी पीछे नहीं है।
हिमाचल पथ परिवहन निगम में कौशल विकास योजना के अंर्तगत जिला के तीन महिला कंडक्टरों के रूप में कार्य करने पर विधायक एवं उपाध्यक्ष राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग रवि ठाकुर ने बधाई देते हुए कहा कि आज जिला की महिलाएं शिक्षित होकर न केवल घरेलू व कृषि कार्य में अपना नाम कमाया है, वहीं सरकारी व सामाजिक क्षेत्र में बेहतर कार्य कर अपना व जिला का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम में भी बेहतर कार्य कर न केवल अपना नाम रोशन करेंगी, बल्कि जिला का नाम भी रोशन करेंगी।