बिलासपुर, 23 अगस्त : 25 अगस्त को ऊना में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान व दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आ रहे हैं। वे हिमाचल को दूसरी गारंटी प्लान की सौगात देंगे। आम आदमी पार्टी हिमाचल में बदलाव लाकर रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा में दम है तो रोक कर देख ले। यह बात परिधि गृह बिलासपुर में पत्रकार वार्ता करते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बलदेव राज ने कही।

उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हिमाचल में डराने की राजनीति कर रहे हैं। सत्य व देशभक्ति की राजनीति की शुरुआत दिल्ली मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कर दी है। खुली रेवड़ी व बेवड़ों की सरकार का केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का बयान बेहद निंदनीय है। इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती आम आदमी पार्टी अनुराग ठाकुर को देती है।
दिल्ली में 850 शराब की दुकानें हैं। इन पर आबादी के हिसाब से देखें तो दिल्ली में 23 हजार 500 लोगों के अनुपात में शराब की एक दुकान होगी। वहीं हिमाचल में वर्तमान में ही 2800 लोगों पर एक शराब की दुकान खुली है। ऐसे में अब भाजपा स्वयं तय कर ले कि बेवड़ों की सरकार दिल्ली में है या हिमाचल में। गुजरात में 10 हजार करोड़ की अवैध शराब बिकती है। 3500 करोड़ की ड्रग्स गुजरात में पकड़ी गई। भाजपा बताए कि अब वहां बेवड़ों की सरकार है या नशेडिय़ों की सरकार है।
भाजपा का मुद्दा शराब नहीं मुद्दा दिल्ली मुख्यमंत्री केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता का है। मुद्दा आप के बढ़ते प्रभाव का है, मुद्दा मुख्यमंत्री केजरीवाल के नए शिक्षा मॉडल का है, जिसकी चर्चा विदेशों में भी हो रही है। भाजपा आम आदमी पार्टी से बुरी तरह डरी हुई है। यही कारण है कि हिमाचल, गुजरात सहित जिन राज्यों में अभी चुनाव होने वाले हैं। वहां जो भी आम आदमी पार्टी का झंडा उठा रहा है। भाजपा उस पर ईडी./सीबीआई का डंडा चला रही है।
आप के हिमाचल प्रभारी दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन को भी झूठे केस में अंदर कर रखा है। वहीं अब आप नेता मनीष सिसोदिया ने जैसे ही हिमाचल के लोगों को शिक्षा के क्षेत्र में आम आदमी पार्टी की पहली सौगात दी है।उन्हें भी ईडी./ सीबीआई के चाबुक से कंट्रोल करने की कोशिश की जा रही है। काले धन को वापस लाने के नाम पर सत्ता में आई भाजपा ने काला धन और अधिक बढ़ाया। स्विस बैंक की रिपोर्ट कहती है कि इन 8 वर्षों में उनके बैंक में भारत के काले धन की 300 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है।