नाहन, 13 जुलाई: बुधवार को देश भर में गुरु पूर्णिमा का पर्व मनाया गया। शास्त्रों में गुरु पूर्णिमा के दिन गुरु के पूजन का महत्व बताया गया है। इसी श्रृंखला में नाहन के हिन्दू आश्रम में गुरु पूर्णिमा पर विशेष योग साधना का आयोजन किया। हिमाचल योग सभा द्वारा गुरु पूर्णिमा के अवसर पर योग साधना के साथ गुरु महाराज का भी स्मरण किया गया।
इस दौरान योग शिक्षक गिरीश शर्मा द्वारा योग साधकों को गुरु पूर्णिमा का महत्व बताया गया। अपने परम गुरु स्वामी देवी दयाल का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि गुरु कृपा से अज्ञानी भी ज्ञानी बन जाता है। बिना गुरु के कोई भी ज्ञान पाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा पर सभी को अपने-अपने गुरु का यथास्थान स्मरण जरूर करना चाहिए। संभव हो तो गुरु का आशीर्वाद जरूर लें।
उन्होंने योग साधकों समेत समस्त शहरवासियों के निरोग व सदैव स्वस्थ रहने की कामना की। उन्होंने बताया कि योग की तरफ लोगों का हर रोज रुझान बढ़ रहा है। योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है। स्वस्थ शरीर में बीमारियां प्रवेश नहीं करती है। हमें रोजाना शरीर काे स्वस्थ रखने के लिए कम से कम 20 मिनट योग अवश्य करना चाहिए।
इस दौरान साधकों को अनुलोम विलोम, कपालभाति समेत अन्य योग क्रिया कराई गई। साथ ही साधकों को योग से होने वाले लाभ के बारे में बताया गया।
बता दे कि योग शिक्षक गिरीश शर्मा द्वारा अरसे से शहरवासियों को कई असाध्य रोगों को योग के द्वारा निजात दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए रोजाना शहर के हिन्दू आश्रम में योग कक्षा का आयोजन प्रातः व सायं कालीन सत्र में किया जाता है।