शिमला, 18 मई : राजधानी शिमला में एक कारोबारी ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक का शव घर पर फंदे से लटका मिला है। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। ये घटना बालूगंज थाना अंतर्गत तवी मोड़ टूटू में सामने आई। मृतक की पहचान विक्रम ठाकुर (35) पुत्र राजेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है। वह शिमला शहर से सटे कायना गांव का मूल निवासी था।
मृतक की वाहन रिपेयर की वर्कशॉप है। जानकारी अनुसार बुधवार शाम विक्रम ठाकुर का शव कमरे के भीतर फंदे से लटका पाया गया। इसके बाद बालूगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टतया यह आत्महत्या का मामला पाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।