शिमला, 07 मई : ठियोग उपमंडल के गजेहड़ी क्षेत्र में एक कार हादसे का शिकार हो गई। यहां कार के खाई में गिरने से दो साल के एक बच्चे की मौत हो गई और बच्चे के माता-पिता आंशिक रूप से चोटिल हुए हैं।
हादसा शनिवार दोपहर बाद शरघाल नामक स्थान पर हुआ। पुलिस के मुताबिक शरघाल निवासी सुरेश अपनी पत्नी रीता और बेटे वेदांश के साथ कार में सफर कर रहे थे कि कार का संतुलन बिगड़ा और ये खाई में पलट गई। इस दुर्घटना में दो वर्षीय वेदांश की मौेत हो गई। ठियोग पुलिस ने इस हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दुर्घटना से दंपति पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। जानकारी अनुसार दंपति को 10 साल बाद पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। सुरेश सेना में कार्यरत हैं। कई मन्नतों के बाद दंपति को पुत्र सुख मिला, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था।