नाहन, 7 मई : हिमाचल प्रदेश में माजरा स्पोर्ट्स होस्टल की एक अलग पहचान रही है। मैदान में महिला हॉकी (Women Hockey India) के क्षेत्र में प्रदेश ही नहीं, देश को भी नायाब हीरे दिए। विडंबना ये रही कि दशकों तक भी मैदान को अदद एस्ट्रोटर्फ (Astroturf) नहीं मिल पाया।
अक्तूबर 2020 में ये खबर आई कि वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला माजरा के होस्टल में साढ़े 5 करोड़ की लागत से एस्ट्रोटर्फ बिछेगा। करीब दो साल बीत जाने के बाद अब वो वक्त आ गया है, जब ये घोषणा सार्थक साबित होती नजर आ रही है। देश के सूचना एवं प्रसार, युवा मामले व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर रविवार को एस्ट्रोटर्फ का शिलान्यास करने जा रहे हैं। एक खास बात ये है कि केंद्रीय मंत्री द्वारा शिलान्यास को पौने 3 करोड़ की किस्त जारी करने के बाद किया जा रहा है। ये राशि एस्ट्रोटर्फ बिछाने के लिए दिल्ली की एक कंपनी को जारी भी की जा चुकी है। 90 के दशक के आखिर में इस मैदान का रुतबा ही अलग था।
इसी मैदान से खेल कर हॉकी के गुर सीखने वाली सीता गोसाई (Sita Goaswami) ने न केवल अंतरराष्ट्रीय हॉकी (International Hockey) में अपनी चमक बिखेरी, बल्कि एक अरसे तक भारतीय महिला हॉकी की कप्तानी भी की। धीरे-धीरे सिरमौर की महिला हॉकी का पतन हो गया, इसकी जगह कबड्डी ने जरूर ले ली थी। पिछले एक दशक में महिला कबड्डी ने सिरमौर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई खिलाड़ी दिए हैं।
बता दें कि भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान सीता गोसाई ने एक मर्तबा भारतीय पुरुष हॉकी टीम की चयनकर्त्ता के तौर पर भी बड़ी जिम्मेदारी निभाई है। वैसे तो अक्तूबर 2020 में एस्ट्रोटर्फ बिछाने को लेकर स्थानीय विधायक ने निरीक्षण भी कर लिया था, लेकिन मसला लटका रहा। गौरतलब है कि सीता गोसाई का जन्म नाहन (Nahan) में हुआ है। पहली बार दिवंगत शारीरिक शिक्षक शशि दुग्गल ने सीता गोसाई को चौगान मैदान में हॉकी की स्टिक पहली बार पकड़वाई थी।
उल्लेखनीय ये भी है कि केंद्रीय मंत्री बनने के बाद आधिकारिक तौर पर अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) का ये सिरमौर में पहला ही दौरा है। यह अलग बात है कि हिमाचल प्रदेश क्रिकेट अध्यक्ष बनने की बिसात सिरमौर में ही बिछी थी। शिलान्यास के दौरान हिमाचल के खेल मंत्री (Sports Minister) राकेश पठानिया, ऊर्जा मंत्री (Power Minister) सुखराम चौधरी, हिमाचल भाजपा ( Himachal bjp) अध्यक्ष सुरेश कश्यप, नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल इत्यादि मौजूद रहेंगे।