मंडी, 07 अप्रैल : दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री व आम आदमी पार्टी हिमाचल चुनाव प्रभारी सत्येंद्र जैन ने उनके ऊपर ईडी के द्वारा की गई कार्यवाही पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बताया है। वीरवार को मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सत्येंद्र जैन ने कहा कि यह वही कार्यवाही है जो पिछले 7 सालों से चली आ रही है।
उन्होंने कहा कि जब भी वे चुनावों के दौरान पंजाब या हिमाचल आते हैं तो उनके ऊपर इस तरह की कार्यवाही कर दबाव बनाया जाता है। सत्येंद्र जैन ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनके ऊपर ईडी की जो कार्यवाही हुई है, राजनीति से प्रेरित है और कोर्ट में आने के बाद जल्द ही रद्द हो जाएंगी।
प्रेस वार्ता के दौरान सत्येंद्र जैन ने कहा कि 6 अप्रैल को हिमाचल के इतिहास में आम आदमी पार्टी का सबसे बड़ा रोड शो मुख्यमंत्री के मंडी में हुआ है। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल से हिमाचल में आम आदमी पार्टी की शुरुआत हो गई है। आने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और प्रदेश की दोनों प्रमुख पार्टियों कांग्रेस और बीजेपी को हराएंगे।
सत्येंद्र जैन ने कहा कि आने वाले समय में आम आदमी पार्टी प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करेगी और अप्रैल माह में ही वे स्वयं में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह क्षेत्र सराज में जाएंगे। सत्येंद्र जैन ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस में बहुत से अच्छे लोग हैं और अब तक उनके पास तीसरा विकल्प नहीं था। ऐसे लोगों कि आम आदमी पार्टी को जरूरत है और पार्टी में उनका स्वागत किया जाएगा।
वहीं उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम आम आदमी पार्टी लड़ेगी या नहीं इस पर अभी विचार किया जाएगा। पार्टी के सदस्यता अभियान के बारे में जानकारी देते हुए देते हुए सत्येंद्र जैन ने कहा कि पार्टी ने 15 दिन के भीतर 3 लाख सदस्यों को अपने साथ जोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि अप्रैल माह तक 5 लाख सदस्यों को जोड़ दिया जाएगा।