शिमला, 7 अप्रैल : मंडी में दिल्ली व पंजाब के मुख्यमंत्रियों के रोड शो के बाद अब केजरीवाल सरकार के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया का बड़ा बयान सामने आया है। इसमें सिसोदिया ने कहा कि केजरीवाल मॉेडल ऑफ गर्वेनेस की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर बीजेपी हिमाचल में अपने नाकाम सीएम को हटाकर चार महीने के लिए अनुराग ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाना चाहती है।
सिसोदिया ने कहा कि भाजपा चाहे जो भी हथकंडा अपना ले, अब हिमाचल की जनता अरविंद केजरीवाल की ईमानदार राजनीति को एक मौका देने का मन बना चुकी है। मौजूदा में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बेटे व केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर को 2022 का सीएम कैंडीडेट बनाने की अटकलें भी चल रही हैं।
इसमें कोई दो राय नहीं है कि मौजूदा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की छवि साफ सुथरी रही है। आम आदमी पार्टी की बड़ी दिक्कत ये है कि हिमाचल में संगठन के नाम पर कुछ नहीं है। मंडी रोड शो में भी उना से ताल्लुक रखने वाले आप के प्रदेश अध्यक्ष के नदारद रहने की खबर है।
कुल मिलाकर ये जरूर है कि आम आदमी पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव का माहौल अप्रैल में ही गर्मा दिया है। अमूमन राजनीतिक हलचल अगस्त के बाद ही शुरू होने की संभावना थी। माना ये भी जा रहा है कि पार्टी प्रत्याशियों के चयन में भी आम आदमी पार्टी सबसे आगे रह सकती है।