मंडी, 01 अप्रैल : हिमाचल प्रदेश के फोरलेन प्रभावितों की समस्याओं के समाधान के लिए चार वर्ष पहले बनी मंत्रिमंडल की सब कमेटी की पहली बैठक आज मंडी स्थित मुख्यमंत्री संवाद कक्ष में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सब कमेटी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने की। उनके साथ सब कमेटी के सदस्य कैबिनेट मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर और राकेश पठानिया भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
प्रदेश भर से आए फोरलेन प्रभावितों ने सब कमेटी के समक्ष अपनी बातें रखी। इसमें चार गुणा मुआवजा, पुर्नवास और पुनर्स्थापना जैसी मांगों को सभी प्रभावितों ने प्रमुखता से रखा। बैठक के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार फोरलेन प्रभावितों की समस्याओं के समाधान को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
फोरलेन प्रभावितों ने जो बातें रखी हैं। उन पर एक बार अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद इन्हें मंत्रिपरिषद की बैठक में ले जाया जाएगा। उन्होंने फोरलेन प्रभावितों को आश्वस्त किया कि उनकी जायज मांगों पर जल्द ही निर्णय ले लिया जाएगा।
वहीं फोरलेन प्रभावित चार वर्ष बाद हुई बैठक से नाखुश नजर आए। फोरलेन प्रभावितों का कहना है कि अगर यह बैठक चार वर्ष पूर्व हो गई होती तो आज तक उनकी समस्याओं का समाधान हो चुका होता। अब चुनावी वर्ष में सरकार ने यह बैठक बुलाई है जिसमें उन्होंने अपनी बातें रख दी हैं। इन्होंने उम्मीद जताई है कि सरकार चुनावों से पहले फोरलेन प्रभावितों की समस्याओं और मांगों को समझते हुए उन पर जल्द से जल्द कोई न कोई निर्णय जरूर लेगी।
बैठक में सचिव राजस्व ओंकार शर्मा, एडीसी जतिन लाल, एडीएम राजीव कुमार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।