मंडी, 25 मार्च : देवभूमि क्षत्रिय संगठन एवं देवभूमि सवर्ण मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रूमित ठाकुर व अन्य नेताओं की गिरफ्तारी का विरोध लगातार जारी है। शुक्रवार को देवभूमि क्षत्रिय संगठन व देवभूमि स्वर्ण मोर्चा ने ऐतिहासिक सेरी मंच पर क्रमिक अनशन शुरू कर रूमित ठाकुर व अन्य नेताओं की रिहाई की मांग उठाई है।
इस मौके पर देवभूमि क्षत्रिय संगठन एवं देवभूमि सवर्ण मोर्चा के पदाधिकारियों ने नेताओं को रिहा करने के नारे भी लगाए। देवभूमि क्षत्रिय संगठन एवं देवभूमि सवर्ण मोर्चा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा क्रमिक अनशन के बाद भी नेताओं की रिहाई नहीं की जाती है तो उसके बाद जेल भरो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
इस मौके पर देवभूमि क्षत्रिय संगठन एवं देवभूमि सवर्ण मोर्चा के नाचन मंडल के अध्यक्ष सुरेश रावत ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार सवर्ण आयोग के गठन को लेकर गंभीर नहीं है। जिसके चलते सरकार ने अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन करने वाले नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार 30 मार्च तक उनके नेताओं को रिहा नहीं करती है तो देवभूमि क्षत्रिय संगठन एवं देवभूमि सवर्ण मोर्चा जेल भरो आंदोलन शुरू करेगा।