ऊना, 21 फरवरी : उप तहसील कार्यालय के नजदीक सोमवार सुबह रहस्यमय परिस्थितियों में 31 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। मृतक के मुंह से झाग निकल रही थी। इसके चलते पुलिस यह मान कर चल रही है कि किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से ही उसकी जान गई है। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान प्रवेश कुमार पुत्र जय भगवान निवासी ककराला जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के रूप में हुई है।
गगरेट पुलिस ने अज्ञात कारणों के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मौका पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मृतक के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है, जबकि उसके मुंह से झाग निकली हुई थी। जिस पर पुलिस भी यह मान रही है कि मृतक की मौत किसी जहरीली वस्तु का सेवन करने के चलते हो सकती है। पुलिस ने जब उसके परिवार से संपर्क किया तो पता चला कि प्रवेश कुमार शादीशुदा है, और उसके तीन बच्चे भी हैं।
हालांकि वह घर से बिना बताए ही निकल आया और गगरेट पहुंच गया। युवक ने अंतिम बार अपने मोबाइल से विडियो कॉल भी की है। मृतक के परिजन भी पुलिस की सूचना पर यहां पहुंच गए हैं। उन्होंने भी प्रवेश की मौत पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि मौत के पुख्ता कारणों को जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।