मंडी, 21 फरवरी : मंडी संसदीय हलके की सांसद प्रतिभा सिंह मंडी के 3 दिवसीय दौरे पर हैं। इसी के चलते सोमवार को उन्होंने मंडी जिला के सदर चुनाव क्षेत्र की ग्राम पंचायत वीर, बरयारा, सदोह, कसान, कोटली, भरगांव, द्रुब्बल का दौरा किया। दौरे के दौरान सांसद प्रतिभा सिंह ने उन्हें सांसद बनाने के लिए जनता का आभार जताया।
इस दौरान छोटी-छोटी जनसभाओ का आयोजन भी किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने सांसद को अपनी समस्याओं के बारे में अवगत भी करवाया। अपने संबोधन में सांसद ने सदर विधानसभा क्षेत्र के विकास हेतु हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया। साथ ही सांसद प्रतिभा सिंह ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आवाहन भी किया।
दौरे के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-2 क्षेत्र के विकास कार्यों हेतु धनराशि की मांग की, जिस पर सांसद ने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। सांसद ने महिला मंडलों को आवश्यक सामान की खरीद हेतु मौका पर ही धनराशि आबंटित करने की घोषणा भी की।
इस दौरान सांसद के साथ कांग्रेस पार्टी की सदर से पूर्व प्रत्याशी चम्पा ठाकुर, सदर कांग्रेस अध्यक्ष ओम प्रकाश ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के जिला महासचिव रविंद्र सिली, शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल सेन, महिला कांग्रेस सदर कांग्रेस की अध्यक्षा नंदा ठाकुर, सदर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष नवीन ठाकुर, दीपक पठानिया, दिनेश रावत, बन्दना सैनी, दिनेश पटियाल, ज़िला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष तरुण ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।