मंडी (वी. कुमार): हिमाचल प्रदेश वन विभाग अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने वन मंत्री से मिलकर डिप्टी रेंजरों के लिए पदोन्नति का लाभ देने की गुहार लगाई है। मंडी में वन विभाग के कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पीर सहाय ठाकुर की अध्यक्षता में वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी से मुलाकात की और उन्हें अपना मांगपत्र सौंपा। वन विभाग अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने वन रक्षकों के पद भरने और वन विभाग के कर्मचारियों की कुछ मांगों को पूरा करने के लिए वन मंत्री और राज्य सरकार का आभार जताया।
इसके साथ ही कर्मचारियों ने अपनी कुछ अन्य मांगे भी मंत्री महोदय के समक्ष रखी। मांगों के बारे में जाकनारी देते हुए हिमाचल प्रदेश वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पीर सहाय ठाकुर ने बताया कि वन विभाग में बहुत से कर्मचारी डिप्टी रेंजर के पदों पर तैनात हैं और इन्हें पदोन्नति का लाभ दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रेंज आफिसर के जो पद इस वक्त रिक्त चल रहे हैं उन्हें पदोन्नति के तहत भरा जाना चाहिए। इससे विभाग में रिक्त चल रहे पदों को भी भरा जा सकेगा और साथ ही पदोन्नति की राह देख रहे कर्मचारियों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि अधिकतर कर्मचारी बिना पदोन्नति के डिप्टी रेंजर के पद से ही रिटायर हो रहे हैं जोकि ठीक नहीं है। वहीं वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने आये हुए प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक तरीके से विचार विमर्श करने का भरोसा दिलाया है।