ऊना, 27 जनवरी : गगरेट में हत्या के मामले में सजा काट रहा एक कैदी छुटी खत्म होने के बाद वापिस जेल नहीं लौटा है। अब पुलिस आरोपी को जगह-जगह तलाश कर रही है। पुलिस ने उक्त कैदी की तलाश के लिए वीरवार को गगरेट में विभिन्न स्थानों में दबिश दी, लेकिन अभी तक कैदी का कोई सुराग नहीं लग पाया है। बता दें कि हत्या का दोषी नगर पंचायत गगरेट निवासी विशाल बंसल नाहन जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है।
आरोपी पिछले कुछ दिनों से पैरोल पर था और 21 जनवरी को छुट्टी समाप्त होने के बाद वह वापिस जेल नहीं पहुंचा और गायब हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने वीरवार को गगरेट स्थित उसके घर में दबिश दी, जहां से वह गायब है। उसके परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह लुधियाना में अपने बच्चों से मिलने गया था और वहां से जेल में वापस जाने की बात कह गया था, उसके बाद उन्हें उसकी कोई जानकारी नहीं है। पुलिस अब उसे तलाश कर रही है।
उक्त व्यक्ति ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर 25 मार्च 2016 को गगरेट के शिवबाड़ी में आईटीबीपी से सेवानिवृत्त कश्मीर सिंह निवासी मवां सिंधिया की हत्या कर दी थी और शव को हिमाचल- पंजाब सीमा पर गहरी खाई में फेंक दिया था। जिसमें उक्त आरोपी फरार रहा विदेश भाग गया था। पुलिस द्वारा उसे भगोड़ा घोषित करने व लुक आउट नॉट जारी करने के साथ ही इसे गिरफ्तार करने में एसआईटी को कड़ी मेहनत करनी पड़ी थी। उसके बाद इस मामले में चालान कोर्ट में पेश हुआ और फरवरी 2020 में आरोपियों को उम्र कैद की सजा हुई।
आरोपी कुछ दिन पहले ही पैरोल पर घर आया था और 21 जनवरी को उसे वापस जेल पहुंचना था, लेकिन जब वह वापिस नहीं पहुंचा, तो पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी और अभी तक वह गायब ही है पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए सर्च अभियान चला रही है। थाना प्रभारी गगरेट का कार्यभार देख रहे मनोज वालिया ने बताया कि नाहन जेल से उक्त कैदी के पैरोल से वापस जेल नहीं लौटने की सूचना मिली है उसकी तलाश की जा रही है।