ऊना, 27 जनवरी : हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व विधायक कश्मीरी लाल जोशी का गुरुवार को निधन हो गया। 86 वर्षीय वयोवृद्ध नेता कश्मीरी लाल जोशी पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। गुरुवार को उन्हें उनके पैतृक निवास कुंगड़त से पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया जा रहा था। रास्ते में उन्होंने आखिरी सांस ली। कश्मीरी लाल जोशी तीन बार हिमाचल प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे हैं।
पहली बार 1969 में लोकराज पार्टी की तरफ से कश्मीरी लाल जोशी बीत क्षेत्र विधानसभा हलके से विधायक रहे। दूसरी बार 1972 में कश्मीरी लाल जोशी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार बने और बीत क्षेत्र से विधायक बने। तीसरी बार 1990 में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। कश्मीरी लाल जोशी लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय रहे और शीर्ष नेतृत्व में रहे। कश्मीरी लाल जोशी को ईमानदार राजनीति के लिए जाना जाता रहा है। संतोषगढ़ विधानसभा क्षेत्र जब तक रहा तब तक जोशी परिवार की राजनीति में खूब तूती बोलती रही।
कश्मीरी लाल जोशी कुछ वर्षो से राजनीतिक रूप से सक्रिय नहीं रहे और भगवा चोला पहनकर प्रभु भक्ति में लीन रहे। कश्मीरी लाल जोशी का भरा-पूरा परिवार है जिसमें पत्नी, दो बेटे, एक बेटी हैं। कश्मीरी लाल जोशी के निधन पर जिला व प्रदेश के समस्त राजनीतिक दलों व प्रबुद्ध नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
प्रदेश के मुख्यमंत्र जयराम ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती, केबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल, हिमोत्कर्ष संस्था के प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र कंवर, विधयक राजेश ठाकुर, सतपाल रायजादा, बलबीर चौधरी, पूर्व मंत्री विजय जोशी, पूर्व विधायक ओपी रत्न, राकेश कालिया, पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार धीमान, भाजपा नेता हरिओम भनोट, बलवीर बग्गाा, राजकुमार पठानिया, बलविन्द्र गोल्डी, नवदीप कश्यप, लखबीर लक्खी, ओंकार नाथ, शंकुतला कंवर, विश्वास शर्मा, विनोद बिटूट, रणजीत राणा, ऊना जनहित मोर्चा के अध्यक्ष राजीव भनोट सहित अन्यों ने शोक व्यक्त किया है।