मंडी, 14 जनवरी : जनपद के जोगिंद्रनगर में शुक्रवार को भारतीय सेना के दो हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग से अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। इसकी कोई भी जानकारी प्रशासन व पुलिस को नहीं थी।
बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान एक हेलिकॉप्टर में तकनीकी खामी आ गई, इसको लेकर दूसरा हेलीकाप्टर रेस्क्यू करने के मकसद से लैंड हुआ। दूसरे हेलीकॉप्टर में पहुंची टीम ने पहले से लैंड हो चुके हेलिकॉप्टर को चैक किया। करीब 30 मिनट बाद दोनों ने पठानकोट की तरफ उड़ान भर ली। मैदान में दिनभर खिलाड़ी अभ्यास करते हैं, लेकिन लैंडिंग के समय मैदान खाली था। हेलिकॉप्टर की आवाज सुनकर काफी संख्या में लोग मैदान में एकत्रित हो गए। कुछ ही देर में पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
WATCH VIDEO : https://youtu.be/YCLF-CbT-RM
बता दे कि शहर के ढेलू के डोहग हेलीपैड में हेलीकॉप्टर लैंड होते हैं। जिसकी जानकारी प्रशासन को होती है, लेकिन आपात लैंडिंग की सूचना किसी को नहीं थी। ये भी बताया जा रहा है कि सेना की ये रूटीन प्रक्रिया भी हो सकती है। कई बार अभ्यास के दौरान भी इस तरीके से आपात लैंडिंग होती है। जोगिंद्रनगर नगर पुलिस ने बताया कि जैसे ही जानकारी मिली, तुंरत ही टीम को मौके पर रवाना किया गया।
प्रशासन का कहना है कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि तकनीकी खराबी की वजह से आपात लैंडिंग हुई थी। प्रशासन को इसकी सूचना नहीं थी। करीब 30 मिनट बाद दोनों हेलिकॉप्टर पठानकोट की तरफ रवाना हो गए।