चंबा (एमबीएम न्यूज): महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष पर शिव दर्शन करने कैलाश की ओर रवाना हुए दो युवक सुंदरासती से लापता हो गए हैं। बताया जा रहा हैं कि यह युवक भरमौर में जागरण देखने आए थे। लेकिन, बाद में युवकों ने मणिमहेश की ओर चढ़ाई शुरू कर दी। बहरहाल, सोमवार देर शाम से दोनों युवक लापता हैं।
मणिमहेश दर्शन के लिए पांच लोग विवेक बेरी निवासी रूल्याणी, विकास महाजन निवासी बनीखेत, ओम प्रकाश, नुत्तन और अमित महाजन(सभी निवासी बनीखेत) जा रहे थे। सुंदरासी के समीप पहुंचे तो दो रास्ते सामने आए। एक रास्ते से विवेक बेरी निवासी रूल्याणी, विकास महाजन निवासी बनीखेत जाने लगे तो दूसरे रास्ते से अन्य तीन मणिमहेश की ओर जाने लगे। बताया यह भी जा रहा हैं कि तीनों युवकों ने विवेक बेरी निवासी रूल्याणी, विशाल महाजन निवासी बनीखेत को रोका भी कि इस रास्ते से न जाएं, लेकिन वे इसी रास्ते से निकल गए। बस यहीं से विवेक बेरी और विकास महाजन का कोई पता नही चला।
तीनों युवकों ने अपने दोनों साथियों को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। मंगलवार सुबह करीब छह बजे युवक हड़सर पहुंचे, जहां स्थानीय पंचायत प्रधान को पूरे मामले के बारे में अवगत करवाया। प्रधान ने प्रमुखता से पुलिस महकमे को सूचित किया। बात भरमौर प्रशासन तक जा पहुंची। प्रशासन ने भी तुरंत 14 सदस्यीय टीम का गठन किया। खबर लिखे जाने तक टीम सुंदरासी नहीं पहुंच पाई थी।
उधर, एसडीएम भरमौर डॉ. जितेंद्र कंवर ने भी बताया कि रेस्क्यू टीम का गठन कर भेज दिया गया हैं। उन्होंने बताया कि इस टीम में 8 पुलिस कर्मी व 6 पर्वतारोही हैं। उन्होंने कहा कि लापता युवकों को ढूंढने के लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रहा हैं।