हमीरपुर, 08 नवंबर : एकतरफा प्यार का खामियाजा एक मासूम लड़की को भुगतना पड़ा है। जिसके दरवाजे पर आई बारात उसे दुल्हन के सिंगार में छोड़ कर वापिस चली गई। मामला नादौन उपमंडल की एक पंचायत का है। लड़की वालों ने घर आई बारात का धूमधाम से स्वागत किया, परंतु जयमाला होने के कुछ समय बाद ही ऐसा कुछ हुआ कि दूल्हे ने विवाह करने से मना कर दिया और बारात वापस ले गया। बिना सोचे समझे उसने दुल्हन को ऐसा दर्द दिया जो उसे उम्र भर याद रहेगा।
पता चला है कि दुल्हन के एक सहपाठी ने पहले तो पुलिस थाना पहुंचकर झूठा आरोप लगाया कि उक्त दुल्हन का विवाह पहले ही उससे हो चुका है। परंतु जब वह इसका कोई सबूत पुलिस को उपलब्ध नहीं करवा सका और वहां उसका कोई जोर नहीं चला तो उसने लड़के वालों को ही गुमराह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
दूल्हा भी दुल्हन के सहपाठी ने की बातों में आ गया। जिसके बाद लाख समझाने के बावजूद दूल्हा व उसके परिजन नहीं माने। वहीं दूसरी ओर लड़की उक्त युवक के साथ किसी भी रिश्ते से मना करती रही। इतना ही नहीं जब कुछ लोगों ने लड़की को उसके सहपाठी से विवाह करने की बात कही तो भी लड़की ने उसके साथ विवाह करने से साफ इनकार कर दिया। उक्त लड़के की नासमझी और एक तरफा प्यार के कारण इतनी बड़ी घटना हो गई। मामले की क्षेत्र भर में चर्चा है।