नाहन, 31 अक्तूबर : चंद रोज पहले ऐतिहासिक रानीताल बाग के चौकीदार अनिल शर्मा पर हमला करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि दो की तलाश जारी है। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे। आरोपियों की पहचान 19 साल के तुषार, 21 वर्षीय रितिक नारनोल, 21 वर्षीय सम्राट व 21 वर्षीय केशव के तौर पर की गई है। आरोपियों के खिलाफ 27 अक्तूबर को आईपीसी की धारा-341, 332, 333, 353, 147 व 149 के तहत मामला दर्ज हुआ था।
इस घटना में चौकीदार की टांग टूट गई थी। साथ ही नगर परिषद के कर्मचारियों में भी गहरा रोष था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बबीता राणा ने चार आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उधर, एक अन्य जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों को 11 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बता दें कि रानीताल में दो गुटों के बीच झड़प चल रही थी। इसी बीच मौके पर पहुंचे चौकीदार ने दोनों ही गुटों को झगड़ा रोकने का आह्वान किया था। इसी बीच एक गुट ने चौकीदार से मार-पिटाई शुरू कर दी।