शिमला, 30 अक्तूबर : सूबे की सबसे हॉट सीट जुब्बल कोटखाई में मतदान का ग्राफ बढ़ रहा है। सुबह 8 बजे शुरू मतदान अब रफ्तार पकड़ने लग गया है। जुब्बल कोटखाई में सुबह 10 बजे तक 7 फीसदी वोट पड़े। दोपहर 12 बजे तक ये आंकड़ा 27 फीसदी पहुंचा। जबकि दोपहर 2 बजे मतदान बढ़कर 48.19 फीसदी पहुंच गया। मतदान शाम को 6 बजे तक चलेगा। इन उप चुनावों पर प्रदेश के सभी लोगों की निगाहें जुब्बल कोटखाई सीट पर टिकी है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र बरागटा के निधन के बाद यहां उपचुनाव हो रहे हैं। चौंकाने वाली बात ये है कि उनके बेटे चेतन बरागटा भाजपा की टिकट न मिलने पर पार्टी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने इस सीट से जिला परिषद सदस्य रही नीलम सरैक को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने पूर्व विधायक रोहित ठाकुर को फिर चुनाव मैदान में उतारा है।
कुल मिलाकर यहां दिलचस्प मुकाबला होने के आसार हैं। राज्य निर्वाचन विभाग के मुताबिक दोपहर 2 बजे तक मंडी लोकसभा सीट पर 33 फीसदी, फतेहपुर व अर्की में 39-39 फीसदी मतदान हो चुका है।