शिमला, 27 अक्टूबर : हिमाचल प्रदेश की मंडी संसदीय सीट और अर्की, जुब्बल कोटखाई व फतेहपुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए 30 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव आयोग की हिदायत नुसार उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों एवं राजनीतिक दलों का चुनावी प्रचार बुधवार शाम छह बजे के बाद थम गया। अब चुनाव मैदान में डटे उम्मीदवार अगले दो दिनों तक डोर टू डोर जनसंपर्क कर सकेंगे तथा किसी भी तरह की जुलूस, रैली अथवा रोड शो की मनाही रहेगी। चारों सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के स्टार प्रचारकों ने बुधवार को अंतिम दिन ताबड़तोड़ रैलियां कर मतदाताओं का दिल जीतने की पूरी कोशिश की।
मंडी, जुब्बल कोटखाई और फतेहपुर सीटों पर कुछ उम्मीदवारों द्वारा मुद्दों की बजाय मार्मिक अपीलों पर जोर दिया गया। मंडी सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह और फतेहपुर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिवंगत सुजान सिंह पठानिया के बेटे भवानी सिंह पठानिया कांग्रेस की टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। जुब्बल कोटखाई सीट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता व दिवंगत विधायक नरेंद्र बरागटा के पुत्र चेतन बरागटा निर्दलीय उम्मीदवार के तौेर पर किस्मत आजमा रहे हैं।
प्रचार के आखिरी दिन भाजपा के स्टार प्रचारक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी लोकसभा सीट के तहत करसोग में भाजपा उम्मीदवार ब्रिगेडियर खुशाल सिंह ठाकुर के पक्ष में जनसभा की। मुख्यमंत्री का गृह जिला होने के कारण ये सीट उनकी प्रतिष्ठा से जुड़ी है। मुख्यमंत्री ने चुनाव प्रचार का अधिकतर समय इसी सीट पर बिताया है।
चुनाव प्रचार के दौरान जयराम ठाकुर ने चारों सीटों पर 68 चुनावी सभाओं को संबोधित किया। वहीं भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रचार के दौरान अलग-अलग इलाकों में कुल 10 रैलियां कीं। अंतिम दिन उन्होंने जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार नीलक सरैइक के पक्ष में जनसमर्थन मांगा। भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने 24, सह प्रभारी संजय टंडन ने 21 और प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने 40 चुनावी रैलियां में भाजपा उम्मीदवारों के लिए समर्थन मांगा।
दूसरी तरफ प्रचार के अन्तिम दिन कांग्रेस पार्टी के स्टार प्रचारकों एवं वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न विधान सभा क्षेत्रों में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में ताड़बतोड़ रैलियां कर लोगों को सम्बोधित किया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य व हिमाचल मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भुपेश बघेल ने अर्की में कांग्रेस प्रत्याशी संजय अवस्थी के पक्ष में विशाल जनसमूह को सम्बोधित किया और केन्द्र तथा हिमाचल सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों की जमकर आलोचना करते हुये कांगेस पार्टी के पक्ष में मतदान करने का आहवान किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बुधवार को जुब्बल कोटखाई से कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर के पक्ष में खड़ापत्थर में जनसभा को सम्बोधित किया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विधायक राम लाल ठाकुर, हर्षवर्धन चौहान व कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर ने भी चुनावी सभा को सम्बोधित कर भाजपा पर कड़ा प्रहार किया।
प्रचार के अन्तिम दिन फतेहपुर विधान सभा क्षेत्र में बुधवार को कांग्रेस के स्टार प्रचार नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, विधायक आशा कुमारी ने कांग्रेस प्रत्याशी भवानी सिंह पठानियां के पक्ष में भारी जनसमूह को सम्बोधित किया और क्षेत्र के विकास के लिए कांग्रेस पार्टी को वोट देने की अपील की।