मंडी, 27 अक्तूबर : लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी पर जुबानी हमले करते हुए कहा कि वे राज परिवार के हैं उन्हें किसानी और किसानों को होने वाली परेशानियों के बारे में पता नहीं है। वे केवल अपने रसूख को बचाने के लिए चुनाव लड़ रही हैं। यह बात उन्होंने बुधवार को अपने चुनाव प्रचार के अंतिम दौर के दौरान पंडित सुखराम के गढ़ माने जाने वाले कोटली में पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए एक नुक्कड़ सभा में कही।
ब्रिगेडियर खुशाल ने कहा कि वे मंडी के रहने वाले हैं और यहां के लोगों के दुःख दर्द को भली भांति समझते हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे केवल चुनावों के समय में ही यहां आते हैं और फिर यहां की जनता को भूल जाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने विधायक विक्रमादित्य सिंह के द्वारा लगातार की जा रही प्रदेश के कर्मचारियों और अन्य वर्गों पर टिप्पणियों को भी अभद्र करार दिया।
ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने कहा कि फौजी कई राजनीतिक दलों में हैं और वे अपना काम बड़ी ही ईमानदारी के साथ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अपने हैं, देश के प्रधानमंत्री अपने हैं और सभी के सहयोग से मंडी की जनता की समस्याओं को हल करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने इस दौरान मंडी जिला के बल्ह और सदर विधानसभाओं में 1 दर्जन से ज्यादा सभाओं को संबोधित किया और अपने लिए जनसमर्थन मांगा।
उनके साथ चुनाव प्रचार के दौरान बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, मिल्क फेड के चेयरमैन निहाल चंद, पूर्व विधायक डीडी ठाकुर, पंचायत समिति सदर के उपाध्यक्ष भुवनेश, भाजपा सदर मंडल अध्यक्ष मनीष कपूर सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।