मंडी,03 अक्तूबर : केंद्र में जब से भाजपा की सरकार बनी है तभी से देश के लोकतंत्र को खतरा होने लगा है। आज भाजपा देश में लोकतंत्र को कमजोर करने में लगी हुई हैं। इस बारे में अब विदेशी देश भी मोदी सरकार को तानाशाही छोड़ महात्मा गांधी जी के बताए पदचिन्हों पर चलने की नसीहत देने लगे हैं। यह बात शनिवार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश समन्वयक व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य दीपक राठौर ने मंडी में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही।
इससे पूर्व उन्होंने मंडी में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर प्रदेश में एक लोकसभा सीट और तीन विधानसभा सीटों पर होने वाले उप चुनावों को लेकर रणनीति तैयार की। इसके साथ ही उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनावों की तैयारियां करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने आए दिन जनता को बेरोजगारी और महंगाई का बोझ डाला है। भाजपा से जनता का विश्वास उठ चुका है और जनता ने सरकार को करारा जवाब देने का मन बना लिया है।
उन्होंने कहा कि उप चुनावों में कांग्रेस पार्टी पूरी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेगी और चारों सीटों पर अपना परचम लहराकर 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को करारी शिकस्त देगी। वहीं दीपक राठौर ने केंद्र की भाजपा सरकार पर भी जुबानी हमले बोलते हुए कहा कि सरकार आए दिन ऐसे फैसले ले रही है जिससे देश के लोकतंत्र पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
मंडी के गांधी भवन में आयोजित बैठक में कांग्रेस जिला परिषद सदस्य चंपा ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व में मंत्री रहे प्रकाश चौधरी, राजीव गांधी पंचायती संगठन के जिला सह संयोजक हीरापाल ठाकुर, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आकाश शर्मा, पार्षद अलकनंदा हांडा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।