शिमला, 28 सितंबर : भारतीय जनता पार्टी ने सबसे युवा बीडीसी अध्यक्ष रही प्रज्जवल बस्टा को भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है। इस सम्बंध में मंगलवार को आदेश जारी किए गए हैं। पार्टी की तरफ से एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि उनकी यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
बता दें कि प्रज्जवल बस्टा शिमला जिला के जुब्बल-कोटखाई से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने मात्र 21 वर्ष की आयु में जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र से पंचायत समिति का चुनाव लड़ा और विजयी रही। वह भारत की सबसे युवा पंचायत समिति अध्यक्ष भी रही हैं। प्रज्जवल बस्टा का जन्म जुब्बल कोटखाई के गांव पांदली में बागवान किसान रविन्द्र सिंह के घर पर हुआ। प्रज्ज्वल की 12वीं तक कि पढ़ाई कोटखाई से हुई।
हालांकि तब तक प्रज्ज्वल ने राजनीति में आने के बारे में सोचा तक नहीं था लेकिन जब वह कॉलेज की पढ़ाई के लिए शिमला आई और उन्होंने राजकीय कन्या महाविद्यालय ने दाखिला लिया तो उस समय वह एबीवीपी से जुड़ी। प्रज्जवल भाजपा युवा मोर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य के साथ ही हिमाचल प्लानिंग बोर्ड की सदस्य भी हैं। कुल मिलाकर 26 वर्षीय प्रज्ज्वल प्रदेश की राजनीति का वह युवा चेहरा है, जिसे बेहद कम समय में एक अलग पहचान मिली है।