मंडी, 28 सितंबर : हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh)में लंबे समय से लंबित चल रहे उपचुनावों को लेकर आखिरकार आज चर्चाओं पर पूरी तरह से विराम लग गया। भारतीय चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश की चार सीटों पर होने वाले उपचुनावों का शेड्यूल जारी कर दिया। हिमाचल प्रदेश में सभी चार सीटों के लिए 30 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे और 2 नवंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे। हिमाचल के अलावा देश भर में खाली चल रही विधानसभा और लोकसभा की सीटों के लिए भी उपचुनावों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस संदर्भ में भारतीय चुनाव आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नोटिफिकेशन अपलोड कर दी है।
हिमाचल का चुनावी शेड्यूल
हिमाचल प्रदेश में 8 अक्तूबर को नामांकन भरे जाएंगे। उसके बाद 11 अक्टूबर को स्क्रूटनी होगी और 13 अक्टूबर को नाम वापिस लिए जा सकेंगे। 30 अक्तूबर को वोटिंग का दिन तय किया गया है। इसके बाद 2 नवंबर को काउंटिंग होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की एक और विधानसभा की तीन सीटों पर उपचुनाव होना है। इनमें मंडी संसदीय क्षेत्र और कांगड़ा जिला का फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र, सोलन जिला का अर्की विधानसभा क्षेत्र और शिमला जिला का जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र शामिल है।
पहले किया था इनकार
राज्य सरकार ने पहले चुनाव आयोग को चुनाव स्थगित करने का सुझाव दिया था। यहां फेस्टिव सीजन और विपरीत भौगोलिक परिस्थितियों का हवाला दिया गया था। लेकिन उसके बाद राज्य सरकार को केंद्र से फटकार भी खानी पड़ी थी। उसके बाद सीएम जयराम ठाकुर को दिल्ली बुलाया गया था।