मंडी, 16 सितंबर : हिमाचल प्रदेश में होने वाले आगामी 2022 के विधानसभा चुनावों के चलते बीजेपी किसान मोर्चा ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में बुधवार को जिला में बीजेपी किसान मोर्चा की बैठक का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा ने की।
बैठक में जिला के विभिन्न स्थानों से किसान मोर्चा के प्रतिनिधियों और सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में हिमाचल प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा की गई। इसके साथ ही किसान मोर्चा की गतिविधियों की समीक्षा भी की। बैठक के उपरांत जानकारी देते हुए बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि मोर्चा आने वाले चुनावों के लिए और उसमें बीजेपी की जीत के लिए पूरी तरह से आश्वस्त है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में हुए चुनावों के दौरान भी देश और प्रदेश में बीजेपी किसान मोर्चा ने अग्रणी भूमिका निभाई और 2022 में भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बने इसके लिए मोर्चा तैयारियों में जुट गया है। सभी पदाधिकारियों से वर्तमान स्थिति के बारे में फीडबैक लिया और सभी को आने वाले समय में केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक बूथ स्तर तक पहुंचाने की निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी किसानों, बागवानों और मजदूरों को सरकार से मिलने वाले लाभों को किसान मोर्चा के कार्यकर्ता घर-घर पहुंचाने में अपना अहम योगदान दे रहे हैं और आने वाले समय में भी यह कार्य जारी रहेगा। जिससे किसानों, बागवानों को पेश आ रही परेशानियों से निजात मिलेगी।