शिमला, 09 सितंबर : मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने वीरवार को नई दिल्ली में भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को शिमला आने का न्योता दिया। जयराम ठाकुर ने राष्ट्रपति को प्रदेश के राज्यत्व की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करने के लिए हिमाचल प्रदेश में आने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
उन्होंने राष्ट्रपति को जानकारी दी कि इस वर्ष 25 जनवरी को राज्य के 50 वर्ष पूर्ण हुए हैं और स्वर्ण जयंती के अवसर पर राज्य में वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार तथा मुख्य सचिव राम सुभग सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र 17 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। विधानसभा सचिवालय ने इसे लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। विशेष सत्र को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष सहित सभी सदस्य सम्मिलित होंगे।
विधानसभा के पूर्व विधायकों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है। रामनाथ कोविंद हिमाचल विस के विशेष सत्र को संबोधित करने वाले तीसरे राष्ट्रपति होंगे। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और प्रणब मुखर्जी सदन को संबोधित कर चुके हैं।