रामपुर/ मीनाक्षी भारद्वाज : रामपुर के साथ ज्यूरी में सोमवार को भारी भूस्खलन के कारण NH-5 बाधित हो चुका था। जिसे बहाल करने का कार्य मंगलवार को भी लगातार जारी है। जानकारी के अनुसार यहां पर सोमवार सुबह भारी भूस्खलन हुआ था, जिसको बहाल करने के लिए NH-5 की टीम जुट चुकी थी। लेकिन इसे देर रात तक बीते कल भी बहाल नहीं किया गया है।
मंगलवार सुबह से ही लोक निर्माण विभाग की टीम एक बार फिर से मौके पर जाकर सड़क को बहाल करने में जुटी है। जानकारी के अनुसार यहां पर काफी भारी तादाद में मलबा आने के कारण इसे बहाल करने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। भारी चट्टानें होने के कारण यातायात को बहाल करना मुश्किल हो रहा है, जिसको लेकर काफी लंबा समय लग रहा है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम तक सड़क मार्ग को बहाल कर दिया जाएगा। रामपुर से किन्नौर जाने वाला यातायात मार्ग इस वक्त पूरी तरह से बंद है, दोनों तरफ से वाहनों की कतारें लगी है।
हजारों की संख्या में लोग NH-5 को बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं। कई बागवानों के सेब बीच में फंस चुके हैं। किन्नौर का सेब मंडियों तक नहीं पहुंच पा रहा है। यहां पर अन्य वैकल्पिक मार्ग भी नहीं है, जिसके द्वारा बागवान अपना सेब मंडियों तक पहुंचा सके। ऐसे में वैकल्पिक मार्ग का होना अति आवश्यक है।