कंडाघाट (दया राम कश्यप) : विश्व की सबसे ऊंची भगवान श्री राम परिवार की मूर्तियों की स्थापना का गौरव हिमाचल प्रदेश को प्राप्त हुआ है। कंडाघाट के तहत ग्राम पंचायत तुन्दल के रुढा गांव में श्री राम परिवार की विधिवत स्थापना की गई। बताया जा रहा है कि अयोध्या के बाद हिमाचल प्रदेश के कंडाघाट में अष्ठ धातु से निर्मित राम परिवार की मूर्तियों की स्थापना की गई है।
राम परिवार की मूर्तियों की लम्बाई लगभग साढे दस फीट के करीब है, जबकि अयोध्या में स्थापित की गई राम की मूर्ति की लबाई 9 फीट है। रुढा गांव में मूर्तियों को वीरवार को स्थापित किया गया जिस दौरान हजारो की संख्या में लोगो ने राम लोक मंदिर में पहुचकर राम परिवार के दर्शन किए। इस कार्यक्रम में प्रदेश के अलावा बाहरी राज्यो के लोगो ने आकर अपनी उपस्थिति दर्ज की।
राम लोक मदिर में 24 जनवरी से चार फरवरी तक 11 ब्राहमणों द्वारा सीयाराम नाम का पाठ किया गया जिसके बाद वहां हवन यज्ञ किया गया जिसमें हजारो की संख्या में भक्तों ने भी भाग लिया। राम लोक मंदिर के संस्थापक अमर महाराज ने बताया कि राम परिवार जिनमे राम, सीता, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघन सहित हनुमान की मूर्तिया शामिल है। ये सभी मूर्तियां अष्ठ धातु से निर्मित है और इन्हें राजस्थान से मंगवाया गया है।
अमर महाराज ने मंदिर स्थापना करने के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि त्रैता युग में जब भगवान श्री राम बनवास पर थे तो उस दौरान वह महर्षि वाल्मीकि के आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान राम से कहा था कि आप का निवास स्थान रुढा गांव में होगा। इससे स्पष्ट होता है कि रुढा गांव का वर्णन राम चरित मानस में भी किया गया है और यह गांव हिमाचल प्रदेश के कंडाघाट में स्थित है।इस मंदिर को जनता के लिए खोल दिया गया है और सभी धर्माें के लोग यहां आकर मंदिर के दर्शन कर सकते हैं।