शिमला, 4 अगस्त : हिमाचल प्रदेश विधानसभा में विपक्षी दल कांग्रेस ने बुधवार को भी हंगामा कर प्रश्नकाल की कार्यवाही को बाधित किया। विपक्षी सदस्यों ने आउटसोर्स कर्मचारियों की बैकडोर भर्तियों का मसला सदन में उठाते हुए स्थगन प्रस्ताव लाकर इस पर चर्चा करवाने की मांग उठाई। लेकिन स्पीकर विपिन सिंह परमार ने विपक्ष के इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। इसके बाद विपक्ष के सदस्य नारेबाजी और हंगामा करने लगे। बाद में विपक्ष ने सदन से वाकआउट कर दिया। विपक्ष ने लगाातर दूसरे दिन प्रश्नकाल का बहिष्कार करते हुए सदन से वाकआउट किया। पिछले कल विपक्ष ने भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा की संदिग्ध मौत पर सदन में हंगामा व वाकआउट किया था।
बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी के कुछ सदस्य अपनी सीट पर खड़े हुए और आउटसोर्स की बैकडोर भर्ती करने का मामला उठाते हुए चर्चा करवाने की मांग करने लगे।
स्पीकर विपिन सिंह परमार ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस विधायक आशा कुमारी, इंद्र दत्त लखनपाल, कर्नल धनीराम शांडिल से नियम 67 में स्थगन प्रस्ताव की सूचना प्राप्त हुई। इन्होंने आउटसोर्स में चोर दरवाजे से नियुक्तियां करने का मामला उठाया है। स्पीकर ने कहा कि इस मुद्दे पर मुकेश अग्निहोत्री, सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सवाल भी पूछा था। जिस पर विस्तार से जवाब भी दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव को स्वीकार करना बनता ही नहीं है। वह इसे अस्वीकार करते हैं।
विपक्ष के वाकआउट की सदन के नेता एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कड़ी भत्सर्णा की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में नियमों की परिधि में भर्तियां हो रही है। कांगे्रए बताए कि उनके शासनकाल में कितनी भर्तियां हुई। आउटसोर्स के कर्मचारियों को पीटरहॉफ में एकत्रित कर मुकुट पहनाए गए। नीति बनाने की मांग की गई जो नहीं बनाई गई। अब विपक्ष के सदस्य सदन में झूठ बोलकर गुमराह कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि विपक्ष सदन में अपनी भूमिका सही से नहीं निभा रहा है। मंगलवार को भी नियम 67 के तहत चर्चा मांग कर प्रश्नकाल को बाधित किया और वॉकआउट किया गया। बुधवार को भी सत्र चलने की उम्मीद थी। विपक्ष ने भी कई महत्वपूर्ण विषय उठाए थे। बुधवार को भी नोटिस दिया गया। प्रश्नकाल के दौरान व्यवधान डाला गया, जो कि निंदनीय है।
मुख्यमंत्री ने तंज कसा कि विपक्ष के नेताओं में नेतृत्व की होड़ लगी है और यह उसी का नतीजा है।