शिमला, 2 अगस्त : हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार सूबे के मुख्यमंत्री को ‘‘सर्व महिला गार्ड ऑफ ऑनर’’ प्रदान किया गया। इसे स्वीकार करने का अवसर सूबे के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को राज्य विधानसभा के मॉनसून सत्र के प्रथम दिन हासिल हुआ।
इस मौके पर पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू भी मौजूद रहे। बता दें कि हाल ही में राज्य पुलिस ने वीरांगना ऑन व्हील की शुरुआत भी की थी। इसमें हरेक थाना में महिला कर्मियों को गश्त के मकसद के लिए टू व्हीलर भी उपलब्ध करवाए गए थे। उल्लेखनीय है कि सूबे के डीजीपी संजय कुंडू राज्य में कुछ हटकर करने का प्रयास भी कर रहे हैं। गार्ड ऑफ ऑनर के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने महिला पुलिस कर्मियों की प्रशंसा भी की।
दीगर यह भी है कि प्रोटोकॉल के तहत सीएम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाता है। लेकिन पहाड़ी प्रदेश में अब तक कार्य में पुरुष पुलिस कर्मियों की ही टुकड़ी को तैनात किया जाता था।