मंडी, 29 जुलाई : नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष और मूलतः मंडी जिला के सरकाघाट क्षेत्र निवासी 55 वर्षीय चमन कपूर का नाम उपचुनावों में भाजपा के टिकट के प्रबल दावेदारों में शामिल हो गया है। कुछ दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के कुल्लू दौरे के दौरान चमन कपूर को जो इशारा मिला था। उसके बाद से चमन कपूर इन दिनों राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गए हैं। मंडी से लेकर कुल्लू-मनाली तक चमन कपूर के नाम की चर्चा चली हुई है। हालांकि इस चर्चा का निष्कर्ष तो भविष्य में निकलेगा लेकिन टिकट के जो प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं उनमें चमन कपूर का नाम भी शामिल हो गया है।
अमित शाह, नड्डा और जयराम से नजदीकियां…
लोकसभा उपचुनाव में भाजपा का टिकट उसी को ही मिलेगा जो नड्डा और जयराम दोनों की पसंद होगा। चमन कपूर के इन दोनों के साथ ही पारिवारिक और घनिष्ठ संबंध हैं। इसके अलावा चमन कपूर की अमित शाह के साथ नजदीकियां भी किसी से छिपी नहीं हैं। वहीं ये चेहरा एक ऐसा चेहरा भी है जिसका मंडी और कुल्लू दोनों जिलों से नाता है। क्योंकि मंडी इनकी जन्मभूमि है और मनाली कर्मभूमि है।
कुल्लू दौरे के दौरान नड्डा दे गए थे संकेत…
कुछ दिन पूर्व जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा कुल्लू दौरे पर आए थे। उस वक्त उनके दौरे को लेकर यही अटकलें लगाई गई थी कि वे चुपके से प्रत्याशी का चयन करके चले गए हैं। इन सभी समीकरणों को चमन कपूर के साथ जोड़कर देखा जा रहा है जिस कारण चर्चाएं तेज हो गई हैं।
नगर परिषद मनाली में लगातार चौथी जीत…
चमन कपूर नगर परिषद मनाली में लगातार चौथी बार जीत दर्ज करके पहुंचे हैं। चारों बार चमन ने अलग-अलग वार्ड से चुनाव लड़ा और जीता। 2010 में पार्टी सिंबल पर चुनाव हुए थे तो चमन भाजपा के टिकट पर सीधे उपाध्यक्ष चुनकर आए थे। इस बार भी भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और मौजूदा समय में नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष पद पर आसीन हैं।
मैं दावेदार नहीं पार्टी का सेवक…
चमन कपूर का कहना है कि वे खुद को किसी भी पद का दावेदार नहीं बल्कि पार्टी का एक सेवक मानते हैं। उन्होंने बताया कि वे पार्टी के साथ वर्ष 1992 से जुड़े हैं और लगातार पार्टी के लिए कार्य कर रहे हैं। पार्टी ने जब भी उन्हें जो जिम्मेदारी दी, उसका उन्होंने निर्वहन करने का प्रयास किया। भविष्य में भी पार्टी जो जिम्मेदारी देगी उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास रहेगा। टिकट मांगना हर कार्यकर्ता का अधिकार है और उसी के तहत मैंने भी टिकट के लिए अपना आवेदन पत्र भेजा है। मंडी मेरी जन्मभूमि और कुल्लू मनाली मेरी कर्मभूमि है।