मंडी,25 जुलाई : जिला के द्रंग विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर मुख्यमंत्री के निशाने पर एक बार फिर से पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर रहे। द्रंग के भटोग में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि तथ्यों से हटकर बात करना और असत्य बोलना, कौल सिंह ठाकुर की आदत है। उन्होंने कहा कि द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर से ज्यादा पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर उन्हें याद करते हैं।
मंडी में आकर पत्रकार वार्ताएं करके विकास में भेदभाव के बेबुनियाद आरोप लगाते हैं। जब विधानसभा में कौल सिंह ठाकुर थे तो वहां पर भी तथ्यों से हटकर और असत्य बोलना ही उनका स्वभाव था। इस जनसभा से पहले और उसके बाद उन्होंने द्रंग विधानसभा क्षेत्र में 200 करोड़ की परियोजनाओं के उदघाटन और शिलान्यास किए।
जयराम ठाकुर ने कौल सिंह ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि एक दिन में इतने उद्घाटन इससे पहले द्रंग और सराज में कभी नहीं हुए हैं। यदि हुए हैं तो कौल सिंह ठाकुर उसकी जानकारी सांझा करें ताकि हम भी उसके बारे में जान सकें। कौल सिंह ठाकुर का सराज में ससुराल है इसलिए शायद उन्हें सराज की ज्यादा याद आती है और वहीं के विकास कार्य नजर आते हैं।
उन्होंने विधायक जवाहर ठाकुर को मजाकिया अंदाज में कौल सिंह ठाकुर को द्रंग का भ्रमण कराने की बात कही। कौल सिंह ठाकुर ने आजकल द्रंग आना छोड़ दिया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकारों की गलत नीतियों के कारण स्वास्थ्य सेवाओं में इजाफा नहीं हो सका।
कांग्रेस के 50 वर्षों के शासन के बाद भी प्रदेश में सिर्फ 50 वेंटिलेटर थे जबकि कोरोना काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक साथ 500 वेंटिलेटर प्रदेश को दिए हैं। पूर्व में स्वास्थ्य मंत्री रहते कौल सिंह ठाकुर भी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर नहीं बना पाए थे। भटोग में आयोजित समारोह स्थल पर ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित तमाम लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को भी सुना। इस मौके पर उनके साथ द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर और बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।