शिमला, 25 जुलाई : कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया है, कि वह प्रदेश में आर्थिक संकट के बावजूद उपचुनावों के दृष्टिगत अपने चहेतों को लाभ देने के लिए उनकी नियुक्तियों कर रही है। पार्टी ने इसे सरकारी धन की फिजूलखर्ची बताते हुए इन नियुक्तियों का विरोध किया है।
शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि सरकार ने दो विधायकों को, एक को कैबिनेट दर्जा, व दूसरे को राज्य मंत्री का दर्जा देकर उन पर होने वाला सरकारी खर्च ही बढ़ाया है, जबकि प्रदेश को इन नियुक्तियों का कोई लाभ होने वाला नही। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त तीन बोर्डो के उपाध्यक्ष नियुक्त करना भी उप चुनावों के दृष्टिगत लिया गया एक फैंसला है। इससे पूर्व राजनैतिक आधार पर सरकार ने दो मीडिया कोडिनेटर भी नियुक्त किये है।
राठौर ने कहा कि अब चुनावों के समय इस प्रकार की नियुक्तियां भाजपा केवल अपने राजनैतिक लाभ के लिये ही कर रही है। इन नियुक्तियों से सरकार पर करोड़ो का अतिरिक्त बोझ बढेगा, जबकि सरकार अपने खर्चे चलाने के लिए अबतक करोड़ो का कर्ज ले चुकी है और अभी आगे भी ले रही है। सरकार अपने संसाधन जुटाने में पूरी तरह विफल रही है।
राठौर ने कहा कि सरकार इन दिनों अधिक सक्रिय हो गई है। बड़ी-बड़ी घोषणाएं की जा रही है। यह घोषणाएं शायद ही पूरी होंगी, क्योंकि इनके लिए अभी तक कोई बजट प्रावधान नही है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार ने इन चार सालों में इन क्षेत्रों के विकास की ओर कोई ध्यान नहीं दिया, अब उप चुनावों को सामने देख घोषणाएं की जा रही है।
राठौर ने उप चुनाव को लेकर पार्टी प्रत्याशियों के बारे में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि चुनावों की घोषणा होने के बाद कांग्रेस आलाकमान अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेगा। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा के उपचुनाव बारे पहले दिवंगत वीरभद्र सिंह के परिवार से उनकी इच्छा जानी जाएगी, उसी के बाद प्रत्याशी को लेकर कोई फैसला होगा।
राठौर ने कहां की मंडी,फतेहपुर व जुब्बल कोटखाई के चुनावों को लेकर पार्टी पर्यवेक्षक अपने दौरे कर चुके है। उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान इस बारे में अंतिम फैसला लेगा।