धर्मशाला, 15 जुलाई : सोचिए, चारों तरफ मलबे का ढेर हो। इसमें फंसे अनमोल जीवन की हालत क्या होगी। अक्सर ही ऐसे हालात में सांसों की डोर हौंसले की कमी के कारण जल्दी टूट जाती है, मगर आप जानकर हैरान होंगे कि एक 8 साल की बहादुर बेटी ने मलबे में दबे होने के बावजूद हौंसला नहीं खोया। भूस्खलन की चपेट में आए घर की सूचना अपने टीचर को फोन पर दे दी।
12 जुलाई की सुबह कांगड़ा के शाहपुर उपमंडल के बोह गांव में आए जलजले ने कईयों को ताउम्र न भुलाने वाले जख्म दिए हैं। मलबे से पांच लोगों को रेस्क्यू किया गया है, इसमें 7 व 8 साल की दो बेटियां भी हैं। 8 साल की वंशिका की अपने टीचर को एक काॅल ने बचा लिया। हालांकि इस समय वंशिका पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन है। हर कोई ऐसी जांबाज बेटी की सलामती की दुआएं मांग रहा है।
तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली वंशिका मलबा आने के बाद परिवार सहित घर में ही फंस गई थी। अपने होश पर काबू रख वंशिका सोचने लगी कि ऐसे हालात में क्या करना चाहिए। तुरंत ही उसने हालात की जानकारी अपने शिक्षक सुरेंद्र को दे दी। शिक्षक ने भी गांव के लोगों की मदद से फौरन ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। ये ऑपरेशन प्रशासनिक मदद पहुंचने से पहले ही शुरू किया जा चुका था। करीब 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शिक्षक सुरेंद्र व ग्रामीणों ने वंशिका को परिवार सहित रेस्क्यू कर लिया। मलबे में 8 साल की वंशिका के अलावा पिता कमलेश कुमार व मां के अलावा डेढ़ साल का भाई भी दबा हुआ था।
रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने वाले प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो वंशिका का चेहरा दीवार की तरफ था, इसलिए वह होश में थी। मोबाइल हाथ में था इसलिए 12 घंटे तक हौंसला बनाए रखा। जेबीटी के पद पर तैनात सुरेंद्र ने मीडिया को बताया कि सोमवार सुबह से ही लगातार बारिश हो रही थी। ऐसा लग रहा था, मानो बादल फट गया हो। उन्होंने बताया कि वंशिका का उन्हें जान बचाने के लिए फोन आया। उन्हें एकदम कुछ नहीं सूझा। तत्काल की इसकी सूचना गांववालों को दी।
ग्रामीणों की कोशिश से पांच लोगों को रेस्क्यू किया जा सका। गौरतलब है कि शाहपुर-बोह मार्ग कई जगह पर अवरुद्ध होने के कारण बचाव कार्यों के लिए भेजी गई टीम आधी रात तक भी घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाई थी। बच्ची के पिता सिविल अस्पताल में भर्ती हैं। वंशिका की मां व भाई भी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
उल्लेखनीय है कि 12 जुलाई की जलप्रलय में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि पांच लोग लापता है। मृतकों में 11 साल की नेहा के अलावा पंजाबी गायक मनजीत सिंह भी शामिल हैं।