नई दिल्ली/शिमला, 7 जुलाई: मोदी सरकार में हिमाचल का रुतबा बढ़ गया है। बुधवार शाम 6ः31 बजे सांसद अनुराग ठाकुर को राष्ट्रपति भवन में कैबिनेट मंत्री की शपथ के लिए आमंत्रित किया गया। अनुराग ठाकुर ने बतौर वित्त राज्य मंत्री बेहतरीन पारी खेली है। सुबह से ही अनुराग ठाकुर को प्रमोशन मिलने के क्यास लगाए जा रहे थे। फिलहाल विभाग का आबंटन नहीं हुआ है।
करीब दो मिनट में अनुराग ठाकुर ने मंत्रिमंडल के सदस्य के रूप में औपचारिकता को पूरा किया। बता दें कि प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने अपनी दूसरी पारी मई 2019 में 57 मंत्रियों के साथ शुरू की थी। दूसरी पारी में मोदी सरकार का दो साल में यह पहला मंत्रिमंडल विस्तार है। कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह में शाम 6 बजे प्रस्तावित किया गया था। मोदी सरकार ने युवाओं, नौकरशाही व अनुभवी लोगों पर इस मंत्रिमंडल में भरोसा जताया है।
गौरतलब है कि इस शपथग्रहण समारोह में 23 सांसदों को शपथ दिलावाई जा रही है। 24 अक्तूबर 1974 को जन्में अनुराग ठाकुर को बीसीसीआई का चीफ बनने का भी गौरव हासिल है। 14वीं लोकसभा में पहली बार 2008 में सांसद बने थे। 2009 के चुनाव में भी जीत हासिल की थी। देश के केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री के तौर पर 30 मई 2019 को पारी शुरू की।
34 साल की उम्र में ही अनुराग ठाकुर राजनीति में सक्रिय हो गए थे। राजनीति उन्हें अपने पिता प्रो. प्रेम कुमार धूमल से विरासत में मिली है। धूमल दो बार हिमाचल के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। शपथ ग्रहण से पहले राष्ट्रपति ने मंत्रियों के इस्तीफे भी मंजूर किए थे। नियमानुसार केंद्रीय मंत्री परिषद में अधिकतम मंत्रियों की संख्या 81 हो सकती है।
2022 के विधानसभा चुनाव से पहले अनुराग ठाकुर की प्रमोशन के भी कई मायने निकाले जा रहे हैं। चुनाव में अनुराग ठाकुर राज्य में युवा चेहरे के तौर पर पार्टी की सत्ता वापसी की कमान भी संभाल सकते हैं।
समीरपुर में लगा बधाई देने वालों का तांता अनुराग ठाकुर के केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ लेते ही हमीरपुर में बधाई देने वालों का तांता लग गया। बुधवार को जैसे ही अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली तो पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस खुशी के मौके पर कई लोगों ने समीरपुर का रुख किया और वरिष्ठ भाजपा नेता में पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल को मिलकर उन्हें बधाई देने पहुंच गए। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश के कई राजनीतिक हस्तियों ने व केंद्र के कई नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री को दूरभाष पर बधाई दी है।
इस खुशखबरी के बाद हमीरपुर में उत्सव जैसा माहौल बन गया है और प्रदेश के कई लोगों ने वहां पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री को बधाइयां दी हैं। समीरपुर में बधाइयां देने पहुंचने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेवशर्मा जिला महामंत्री हरीश शर्मा अभय वीर सिंह लवली जिला मीडिया प्रभारी अंकुश शर्मा कोषाध्यक्ष तेज प्रकाश चोपड़ा जिला उपाध्यक्ष अनिल कौशल आईटी प्रकोष्ठ संयोजक जग सिंह ठाकुर विशाल पठानिया अनिल परमार इत्यादि का नाम शामिल है