मंडी, 18 फरवरी : पूर्व मंत्री जीएस बाली का कहना है कि कभी भी किसी पद का अहंकार नहीं करना चाहिए। मुख्यमंत्री रहते कई नेता अपना चुनाव हारे हैं। यहां तक कि वह स्वयं मंत्री होने के बाद भी विधानसभा चुनावों में रगड़ा खा चुके हैं। यह बात उन्होंने आज मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। बता दें कि बाली को नगर निगम के चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी की तरफ से पर्यवेक्षक तैनात किया गया है।
इसी संदर्भ में आज उन्होंने मंडी में कांग्रेस पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की और उसके बाद पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मंडी सीएम जयराम ठाकुर का गृह शहर है लेकिन इस बात को भी ध्यान में रखने की जरूरत है कि मुख्यमंत्री भी कई बार चुनाव हार चुके हैं। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि मात्र कुछ वोटों से उन्हें भी रगड़ा लग चुका है यानी हार देखने को मिल गई है। इसलिए कभी भी किसी पद का अहंकार नहीं करना चाहिए।
बाली ने कहा कि नगर निगम चुनावों में इस बार धन शक्ति और जनशक्ति के बीच मुकाबला होगा। भाजपा की सरकार सत्ता में है और भाजपा धन शक्ति के दम पर चुनाव लड़ेगी जबकि कांग्रेस जनशक्ति के दम पर। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने नगर निकाय और पंचायत चुनावों में भी सरकारी मशीनरी का जमकर दुरूपयोग किया था। उन्होंने अधिकारियों को भी चेताया कि अगर वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए तो कांग्रेस की सरकार सत्ता में आने के बाद गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
अनिल शर्मा की घ रवापसी और उनके परिवार की गैरमौजूदगी को लेकर पूछे गए सवाल के जबाव में बाली ने कहा कि आश्रय शर्मा और पंडित सुखराम दोबारा कांग्रेस पार्टी में आ गए हैं और अनिल शर्मा के वापिस कांग्रेस में आने का निर्णय पार्टी हाईकमान द्वारा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा मन से भाजपा में नहीं हैं।
इस मौके पर उनके साथ पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, प्रकाश चौधरी, कुल्लू सदर के विधायक सुंदर ठाकुर, पूर्व प्रत्याशी चंपा ठाकुर और प्रदेश महासचिव चेत राम ठाकुर सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।