शिमला, 15 फरवरी : हिमाचल प्रदेश के 4 नगर निगमों में चुनाव के लिए बिसात बिछ गई है। कांग्रेस पार्टी निगम चुनाव को फतह करने के लिए तैयार है। कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश कांग्रेस के 4 दिग्गज नेताओं को पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया है। ये नेता निगम चुनावों में कांग्रेस की रणनीति का अहम हिस्सा होंगे और इन पर जीत का दारोमदार रहेगा। इनमें कौल सिंह, जीएस बाली, सुखविंद्र सुक्खू और राजेन्द्र राणा शामिल हैं।
कांग्रेस के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला ने धर्मशाला सहित नवगठित पालमपुर, सोलन और मंडी नगर-निगम चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों की कमेटियों को गठित किया है। धर्मशाला नगर-निगम के लिए गठित कमेटी में विधायक एवं पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू, पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार, पूर्व मंत्री चंद्र कुमार और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेश धर्मार्णी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
इसी तरह पालमपुर नगर-निगम चुनाव के लिए गठित कमेटी में पूर्व मंत्री एवं पूर्व पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर, विधायक एवं पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, विधायक इंद्र दतलखनपाल और जगत सिंह नेगी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। सोलन नगर-निगम के लिए गठित कमेटी में विधायक राजेंद्र राणा, हर्षवर्धन चौहान व मोहन लाल ब्राक्टा के साथ ही केवल सिंह पठानियां को पर्यवेक्षक नियुक्त किय गया है। इसी तरह मंडी नगर-निगम चुनाव के लिए गठित कमेटी में पूर्व मंत्री जी.एस.बाली, विधायक विक्रमादित्य सिंह, सुंदर ठाकुर और युवा नेता विनोद सुल्तानपुरी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
यह कमेटी संबंधित क्षेत्र में चुनाव के लिए रणनीति तैयार करेंगे तथा चुनावों के लिए पार्टी उम्मीदवार के लिए नामों की सिफारिश भी करेंगे। इसके अलावा यह स्थानीय स्तर पर एक चुनाव समिति का गठन भी कर सकते हैं। लेकिन इस समिति में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, स्थानीय विधायक, अन्य प्रमुख नेता, स्थानीय स्तर पर अग्रणी संगठनों के अध्यक्ष भी सदस्य होंगे।