सुंदरनगर, 14 फरवरी : चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे 21 पर चमुखा में बैलों से बचते हुए अनियंत्रित होकर स्कूटी गिरने से महिला की मौत हो गई है। जबकि हादसे में मृतक महिला का बेटा घायल हो गया है। हादसे के बाद दोनों को स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जानकारी के अनुसार मृतक महिला अपने बेटे के साथ स्कूटी पर सवार हो बिलासपुर की ओर आ रही थी। इस दौरान चमुखा के निकट स्कूटी के आगे एकाएक बैल आ गए। जिनसे बचते हुए स्कूटी अनियंत्रित हो गई और उसमें सवार मां-बेटा सड़क पर गिर गए।
इस हादसे में हरिदत्त पुत्र नरोत्तम राम और उसकी माता 52 वर्षीय कमला देवी पत्नी नरोत्तम राम निवासी गुरकोठा को स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां जांच के बाद महिला को मृत करार दे दिया। डीएसपी गुरबचन सिंह ने बताया पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा के परिजनों को सौंप दिया है। वही मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरु कर दी है।