सुंदरनगर, 11 फ़रवरी : उपमंडल के हराबाग क्षेत्र के एक नामी रेस्टोरेंट का सफाई कर्मचारी रेस्टोरेंट में रखी 5 लाख की राशि के साथ फरार हो गया। कर्मचारी ने काउंटर का शीशा तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। रेस्टोरेंट की सीसीटीवी फुटेज में इसका खुलासा हुआ है।
प्रबंधन द्वारा आरोपी को करीब 20 दिन पहले ही काम पर रखा था। लेकिन हैरत की बात यह रही कि प्रबंधन द्वारा उसे काम पर रखने से पहले न तो उस बारे कोई जांच की गई और न ही पुलिस को उसे काम पर रखने संबंधी जानकारी पुलिस को दी गई।
आरोपी की पहचान हीरा लाल निवासी गौंडा उत्तरप्रदेश के रुप में हुई है। पुलिस ने रेस्टोरेंट मेनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज की जांच शुरु कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में रेस्टोरेंट के मेनेजर यादविंदर कुमार ने बताया कि बीति रात करीब एक बजे वह रेस्टोरेंट बंद करके अपने कमरे के लिए निकला था। रेस्टोरेंट के ठीक सामने ही उसका कमरा है। सुबह करीब साढ़े 5 बजे जब उन्होंने रेस्टोरेंट खोला तो रसोईघर का सामने वाला शीशा टूटा हुआ था। जब उन्होंने कैश काउंटर को चैक किया तो वहां पर रखी करीब 5 लाख रुपये की राशि गायब थी। यादविंदर ने बताया कि उनके रेस्टोरेंट के साथ 4 वॉल्वो बसें है। बसों के डीजल व अन्य खर्चों को दिल्ली भेजने के लिए यह राशि रखी गई थी, जो सुबह भेजनी थी।
घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना प्रभारी कमलकांत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरु कर दी। रेस्टोरेंट की सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की पुष्टी करते हुए डीएसपी सुंदरनगर गुरुबचन सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरु कर दी गई है। चोरी का आरोपी शीघ्र ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।
वही अब देखना होगा पुलिस चोरी के आरोपी को कब तक गिरफ्तार करने में सफलता हासिल करती है।