बद्दी, 6 फरवरी : शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बंदूक की नोक पर चोरी की घटना सामने आई है। घटना के बाद से व्यापारी सहमे हुए हैं। शुक्रवार सांय करीब 8 बजे 3 नकाबपोश हाउसिंग बोर्ड के फेस एक के मकान नंबर चार में घुस गए। मकान में एक बुर्जग महिला की कनपटी पर रिवाल्वर तान कर उसके पुश्तैनी गहने व नकदी लेकर फरार हो गए। घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने पर पाया गया कि एक युवक सडक़ में खड़ा हुआ था, जबकि दूसरा दरवाजे पर खड़ा रहा और 3 लोग घर में दाखिल हुए।
बुजुर्ग महिला ने बताया कि एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर रिवाल्वर तान दी और घर की चाबियां देने को कहा। तीनों बदमाशों ने गहने व लाखों रुपए की नकदी समेटी और भाग गए। महिला का बेटा राजेश अग्रवाल इस दरौान चंडीगढ़ गया हुआ था। घर में और कोई नहीं था।
राजेश अग्रवाल ने बताया कि चोर दिन घर की रेकी करने आए थे, जो सीसी कैमरे में दिखाई दिए थे। उनके पड़ोसी ने उन्हें बताया भी था कि उसके घर में दिन के समय भी तीन अजनबी लोग निकले थे। उस दौरान उनकी मां के पास पड़ोस से एक अन्य महिला आई हुई थी। जिसके चलते हुए वो खाली हाथ लौट गए। शाम को जब घर पर कोई नहीं था तो यह दोबारा आए। यह पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी देखा गया है।
उधर डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने 382 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने चोरों को पकडऩे के लिए जाल बिछा दिया है। जल्द ही आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी।